एलएनसीटी विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विद्यार्थियों ने किया पत्रिका समाचार पत्र का शैक्षणिक भ्रमण
प्रिंट मीडिया की कार्यप्रणाली, समाचार संपादन और पत्रकारिता की बारीकियों से हुए रूबरू
एलएनसीटी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने पत्रिका समाचार पत्र के कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रिंट मीडिया की कार्यप्रणाली, समाचार संकलन, संपादन, शीर्षक लेखन, पृष्ठ सज्जा और समाचार पत्र के प्रकाशन से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान पत्रिका के सिटी एडिटर राजेंद्र धरवार, स्टेट एडिटर पंकज श्रीवास्तव और एजुकेशन बीट की रिपोर्टर उमा प्रजापति उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए प्रिंट पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने समाचारों के चयन, तथ्यपरक रिपोर्टिंग, संपादन और समाचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। साथ ही, पत्रकारिता के क्षेत्र में पेशेवर जिम्मेदारियों, समाचारों की विश्वसनीयता और बदलते मीडिया परिदृश्य की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों ने मीडिया संस्थान की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और पत्रकारिता से जुड़े अपने सवालों के माध्यम से व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। इस संवाद ने उन्हें कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की विभागाध्यक्ष डॉ. अनु श्रीवास्तव सहित फैकल्टी सदस्य भी उपस्थित रहे। शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पत्रकारिता के व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराना तथा उन्हें मीडिया उद्योग की कार्यशैली, चुनौतियों और आवश्यक कौशलों की समझ प्रदान करना था।
इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में व्यावसायिक दक्षता विकसित करने, उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने और उन्हें भविष्य की पत्रकारिता के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
